महाराष्ट्र 

शुक्रवार रात आठ बजे से मुंबई, पुणे, नागपुर और महाराष्ट्र के सभी शहरों और जिलों में सोमवार सुबह सात बजे तक के लिए सख्त लॉकडाउन लागू रहेगा। इन जगहों पर सोमवार तक रात्रि कर्फ्यू के अलावा सप्ताहांत लॉकडाउन भी लागू रहेगा। यह इस साल का पहला सप्ताहांत है जब राज्य में पूरी तरह से लॉकडाउन लागू रहेगा। यहां आवश्यक सेवाओं के अलावा किसी भी आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी। मुंबई प्राधिकरण ने शहर के लिए अलग-अलग दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

छत्तीसगढ़

रायपुर को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसकी सीमाएं नौ से 19 अप्रैल को सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक सील रहेंगी। इन 10 दिनों के लिए केवल आवश्यक सेवाओं की अनुमति दी जाएगी और परीक्षा में बैठने वाले छात्र प्रतिबंधों से परे होंगे। केंद्र सरकार, राज्य सरकार, अर्ध-सरकारी, साथ ही निजी कार्यालय और बैंक के कार्यालय बंद रहेंगे। इधर, छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पहले ही नौ दिनों का सख्त लॉकडाउन लागू है जो छह अप्रैल से शुरू हुआ था।

मध्यप्रदेश

CM शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि भोपाल सहित मध्यप्रदेश के सभी शहरों में आज यानी शुक्रवार शाम छह बजे से 60 घंटे तक लॉकडाउन लागू रहेगा। बता दें, मध्यप्रदेश के कई जिले पहले से ही रविवार को लॉकडाउन कर रहे थे, लेकिन इस सप्ताहांत राज्य के सभी शहरी क्षेत्रों में सख्त प्रतिबंध होंगे।