हॉलमार्क में बीआईएस मार्क और शुद्धता के साथ छह अंकों का कोड शामिल होगा और अत्यधिक पारदर्शिता के लिए ज्वैलर को डिलीवरी वाउचर जारी किया जाएगा: डीजी, बीआईएस
ज्वैलर्स उपभोक्ता से बिना हॉलमार्क के पुराने सोने के आभूषणों को वापस खरीदना जारी रख सकते हैं, और सोने के आभूषण के निर्माताओं, थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं को पर्याप्त समय देने के लिए, अगस्त के अंत तक कोई दंड नहीं होगा: डीजी, बीआईएस
वर्तमान में देश में 943 परख करने और हॉलमार्किंग करने के केन्द्र कार्यरत हैं
वर्चुअल माध्यम से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीजी, भारतीय मानक ब्यूरो ने मीडिया को सोने की अनिवार्य हॉलमार्किंग के बारे में जानकारी दी
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के महानिदेशक श्री प्रमोद कुमार तिवारी ने आज एक वर्चुअल माध्यम से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और मीडियाकर्मियों को गोल्ड ज्वैलरी योजना की अनिवार्य हॉलमार्किंग के बारे में जानकारी दी, जो 16 जून 2021 से लागू हो गई है।
डीजी, बीआईएस ने अनिवार्य हॉलमार्किंग के पहलुओं के बारे में जानकारी साझा करते हुए कहा कि अनिवार्य हॉलमार्किंग शुरू में देश के 256 जिलों के साथ शुरू हो गई है, जिनमें परख करने और हॉलमार्किंग करने के केंद्र मौजूद हैं। उन्होंने आगे कहा कि 40 लाख रुपये के सालाना लेन देन वाले ज्वैलर्स को अनिवार्य हॉलमार्किंग से छूट दी जाएगी। भारत सरकार की व्यापार नीति के अनुसार आभूषणों का निर्यात और पुन: आयात - अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनियों के लिए आभूषण, सरकार द्वारा अनुमोदित बी2बी घरेलू प्रदर्शनियों के लिए आभूषणों को भी अनिवार्य हॉलमार्किंग से छूट दी जाएगी। घड़ियाँ, फाउंटेन पेन और विशेष प्रकार के आभूषण जैसे, कुंदन, पोल्की और जड़ाऊ को हॉल मार्किंग से छूट दी जाएगी।

0 Comments