रायपुर। Chhattisgarh Weather: अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण लगातार बढ़ रही गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि मौसम में एक बार फिर से बदलाव हुआ है और इसके चलते गुरुवार और शुक्रवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ ही तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने व कुछ क्षेत्रों में ओले भी गिर सकते हैं। हालांकि, मौसम के इस बदलाव से जहां आम लोगों को राहत मिलेगी, वहीं किसानों के लिहाज से यह बारिश ठीक नहीं रहेगी।

मौसम में हुए इस बदलाव का असर बुधवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में देखने को मिला। विशेषकर दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश से लगे एक दो स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इस तरह हल्की बारिश होने और तेज हवाएं चलने से न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट भी आएगी। साथ ही अधिकतम तापमान भी कम होगा।